
औरैया,संवाददाता:सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरसईनावर में तैनात एंबुलेंस कर्मी के साथ हुई लूट के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ में एक आरोपित को घायल कर दिया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना में शामिल तीन अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि नशा पूरा करने के लिए वे लूटपाट करते हैं।
कोतवाली बिधूना के कन्नपुर निवासी सरजेश प्रताप सिंह जनपद इटावा की सरसई नावर सीएचसी में तैनात एंबुलेंस का चालक है। रक्षाबंधन पर वह बाइक से 18 अगस्त की रात घर जा रहे थे। तभी बाइक सवार चार बदमाशों ने ऐरवाकटरा की चौकी बढ़िन से दो सौ मीटर, पहले रोक कर एंबुलेंस चालक के साथ मारपीट की। इसके बाद उसका मोबाइल फोन, एक हजार रुपये, बाइक जरूरी कागजात लूट ले गए थे। पुलिस ने चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की। बिधूना सीओ भरत पासवान ने बताया कि बदमाशों की पहचान होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर गांव शेखूपुर स्थित चौराहे से जनपद कन्नौज थाना सकरावा के गांव चडरऊआ निवासी प्रांशु, आशीष शर्मा, जनपद इटावा के थाना ऊसराहार के गांव बतकन सहपुर निवासी रिंकू को 23 अगस्त की शाम गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में गांव बतकन सहपुर निवासी श्रीकांत उर्फ ललितकांत जाटव का नाम सामने आया।एसओजी और थाना पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान आगरा- लखनऊ एक्सप्रेसवे के पास गांव रमपुरा चौराहे पर एक बाइक सवारं को रोकने का प्रयास किया। इस पर वह भागने लगा। कुछ दूर पर बाइक फिसल कर गिर गई। पास में पहुंची पुलिस को देख आरोपित ने तमंचे से फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से
घायल हो गया। पूछताछ में उसने अपना नाम श्रीकांत जाटव बताया। पुलिस ने आरोपित प्रांशु, आशीष व रिंकू के पास से लूटी हुई बाइक, 520 रुपये व आरोपित श्रीकांत के पास से
तमंचा, एक खोखा व कारतूस, लूटा हुआ मोबाइल फोन, घटना में प्रयोग की बाइक को बरामद कर लिया। आरोपित को पूछताछ के बाद न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।


