

औरैया,संवाददाता:कस्बा अछल्दा के रेलवे क्रासिंग 13बी पर लगने वाले जाम की समस्या आने वाले दिनों में दूर हो जाएगी। रास्ता सुगम व सुरक्षित होगा। कानपुर –इटावा रेलखंड के रेलवे स्टेशन अछल्दा की पूर्वी साइड प्रस्तावित बाईपास ओवरब्रिज (उपरगामी)दो लेन के निर्माण की दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की टीम सोमवार सुबह 11 बजे सेतु निगम की टीम ने भूमि सर्वे व नाप जोख का काम शुरू किया। सर्वे के दौरान रेलवे खंभा संख्या 1116/16 से 1116/20 के बीच स्थल का निरीक्षण किया।जीईओ टेक्नो सर्वेयर्स कानपुर की टीम साथ रही।करीब 73.42 करोड़ रुपए निर्माण कार्यो में खर्च होगे। 20 करोड़ 36 लाख 62 हजार रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है।
सेतु निगम टीम में जूनियर इंजीनियर संकेत कुमार, सर्वेयर सुशील कुमार और फिरोज कुमार शामिल रहे। टीम ने प्रस्तावित ओवरब्रिज के लिए उपयुक्त भूमि का चयन किया तथा निर्माण की संभावित दिशा और स्थिति को लेकर प्रारंभिक आकलन किया।अधिकारियों ने बताया कि सर्वे के आधार पर ओवरब्रिज का क्षैतिज एलाइनमेंट (दिशा एवं वक्रता) तथा वर्टिकल एलाइनमेंट (ऊंचाई एवं ढलान) निर्धारित किया जाएगा। इन्हीं तकनीकी मानकों के अनुरूप डिजाइन तैयार किया जाएगा, जिससे ओवरब्रिज सुरक्षित, यातायात के अनुकूल और लागत के लिहाज से किफायती हो सके।
प्रस्तावित बाईपास ओवरब्रिज की कुल लंबाई लगभग 1.8 किलोमीटर है। इसके निर्माण के लिए 73 करोड़ 42 लाख 25 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें से 20 करोड़ 36 लाख 62 हजार रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है।अवमुक्त धनराशि में से 16 करोड़ 4 लाख 65 हजार रुपये अनुदान संख्या–57 तथा 4 करोड़ 31 लाख 97 हजार रुपये अनुदान संख्या–83 के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध कराए जाएंगे।
परियोजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण, यूटिलिटी शिफ्टिंग तथा आवश्यक वैधानिक एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियां पहले सुनिश्चित की जाएंगी। सेतु निगम के अधिकारियों के अनुसार यह सर्वे ओवरब्रिज के अंतिम डिजाइन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। डिजाइन तैयार होने के बाद आगे की निर्माण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सर्वे कार्य के दौरान सेतु निगम के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।स्थानीय लोगो में खुशी है। बाईपास ओवरब्रिज निर्माण से अछल्दा में जाम की समस्या से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।

अछल्दा रेलवे स्टेशन की पूर्वी साइड सर्वे करती टीम
